अगर, आप भी नई नौकरी की तलाश में हैं तो आप अकेले नहीं हैं, जो काम में ज्यादा लचीलापन चाहते हैं। दरअसल, अब लोगों के लिए सबसे जरूरी काम में लचीलापन है, वेतन से भी ज्यादा।
40,000 से ज्यादा कर्मचारियों के एक वैश्विक सर्वे के मुताबिक, कार्य संतुलन, फ्लेक्सिबल आवर्स और रिमोट काम करने का विकल्प जैसी चीजें अब उनकी पहली पसंद बन गई हैं।
पिछले 7 सालों में पहली बार ऐसा हुआ है कि इन चीजों ने ज्यादा वेतन को भी पीछे छोड़ दिया है।
स्थायी भर्ती में हुआ इजाफा
यह बदलाव ऐसे समय में सामने आया है, जब कंपनियां इस बात पर फिर से विचार कर रही हैं कि लोग कहां और कैसे काम करेंगे? नेटवेस्ट जैसी कुछ कंपनियां अब कर्मचारियों को वापस ऑफिस बुलाने पर जोर दे रही हैं।
दुनियाभर की अनिश्चितताओं के बावजूद भी स्थायी भर्ती लगातार बढ़ रही है। खासकर युवा कर्मचारी अपनी नौकरी से खुश नहीं हैं तो उसे बदलने से बिल्कुल नहीं हिचकिचाते।
दूसरी तरफ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल हर जगह जोरों पर है। अब 74 फीसदी कर्मचारी काम में AI टूल का उपयोग कर रहे हैं।
इससे एक तरफ, काम जल्दी हो रहा है तो दूसरी तरफ, नियोक्ता भी अब कर्मचारियों में कुछ नई चीजें ढूंढ रहे हैं।