अनएकेडमी के पूर्व अधिकारियों के बनाए स्टार्टअप सुपरलीप ने जुटाए 36 करोड़ रुपये
अनएकेडमी के 3 पूर्व अधिकारियों की ओर से शुरू की गई सुपरलीप स्टार्टअप ने हाल ही में पीक XV पार्टनर्स से 36 करोड़ रुपये का फंड जुटाया है।
बेंगलुरु आधारित यह प्लेटफॉर्म बड़ी कंपनियों को उनके पुराने कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजमेंट (CRM) सिस्टम से हटाकर बिना किसी परेशानी या झंझट के नए और स्मार्ट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित टूल्स से जोड़ता है।
रेजरपे सहित 50 से ज्यादा ग्राहक जोड़े
सुपरलीप इस जुटाए गए फंड का इस्तेमाल अपनी AI तकनीक को और मजबूत बनाने, अपनी टीम का विस्तार करने और दुनियाभर में अपने कारोबार को फैलाने के लिए करेगी।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुभम कुमार बोंडिया ने बताया कि सिर्फ एक साल में उन्होंने 10 गुना बढ़ोतरी देखी है। उन्होंने रेजरपे और कार्स24 जैसे 50 से ज्यादा बड़े ग्राहकों को अपने साथ जोड़ा है और कई उच्च-मूल्य वाले सौदे किए हैं।
सुपरलीप अब सेल्सफोर्स और ओरेकल जैसी बड़ी कंपनियों को सीधे टक्कर दे रही है। उनका CRM सॉफ्टवेयर वर्कफ्लो को ऑटोमेट करता है, जिससे बिक्री टीम को ज्यादा सौदे हासिल करने में आसानी होती है।