सनशाइन पिक्चर्स के शेयरों की 10 फीसदी प्रीमियम पर हुई लिस्टिंग
फोर्स और द केरल स्टोरी जैसी फिल्में बनाने वाली सनशाइन पिक्चर्स के शेयरों ने मंगलवार (25 अगस्त) को शेयर बाजार में अच्छी शुरुआत की। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर शेयर 395.90 रुपये पर खुला, जो इसके 360 रुपये के इश्यू प्राइस से 9.97 फीसदी ज्यादा था।
बॉम्बे स्टाॅक एक्सचेंज (BSE) पर यह 394 रुपये पर खुला, जो 9.44 फीसदी ज्यादा था। लिस्टिंग से पहले शेयरों पर ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) लगभग 14 फीसदी था, जिससे बाजार में उनकी मजबूत शुरुआत की उम्मीदें जगीं।
100 गुना से ज्यादा ओवरसब्सक्राइब हुआ IPO
282.14 करोड़ रुपये के इस आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) को निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और इसे 100 गुना से भी ज्यादा सब्सक्राइब किया गया।
खुदरा निवेशकों ने तो इसमें खास रुचि दिखाई और 56.60 गुना से अधिक आवेदन किए। 2007 में शुरू हुई सनशाइन पिक्चर्स ने अब तक 10 फिल्में बनाई हैं। अभी कंपनी जियो स्टूडियोज के साथ 2 फिल्में और दूरदर्शन के लिए एक वेब सीरीज बना रही है। बीते वित्त वर्ष 2026 में भले ही कंपनी का राजस्व 28 फीसदी घट गया, लेकिन इसका मुनाफा 16 फीसदी बढ़ गया।