सुनील भारती मित्तल को मिला फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान
भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल को फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'शेवेलियर डी ल'ऑर्ड्रे नेशनल डी ला लीजियन डी'होनूर' मिलने वाला है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों उन्हें यह सम्मान देंगे।
उन्हें यह बड़ा सम्मान भारत और फ्रांस के बीच खासकर टेलीकॉम और डिजिटल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में व्यापार बढ़ाने में उनके अहम योगदान के लिए दिया जा रहा है।
यह सम्मान समारोह 28 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित फ्रांस दूतावास में आयोजित किया जाएगा।
एयरटेल और यूटेलसैट के साथ संबंधों का किया जिक्र
मित्तल ने 30 साल से भी ज्यादा समय से भारत और फ्रांस के बीच संबंध मजबूत करने में खास भूमिका निभाई है। इसकी शुरुआत 1992 में एयरटेल के लॉन्च के साथ हुई थी, जिसमें उनके फ्रांसीसी साझेदार भी थे। वह यूटेलसैट के उपाध्यक्ष के रूप में अंतरिक्ष और डिजिटल प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने में भी शामिल रहे हैं।
मित्तल ने इस सम्मान पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, "फ्रांस गणराज्य से मिले इस सम्मान से मैं बहुत भावुक और सम्मानित महसूस कर रहा हूं। फ्रांस के साथ मेरा जुड़ाव 1992 में एयरटेल की स्थापना के समय से है, जब कंपनी जनरेल डेस ईक्स ने भारत में मोबाइल टेलीफोनी शुरू करने के लिए भारती के साथ मिलकर काम किया था। यह रिश्ता आज भी यूरोपियन सैटेलाइट चैंपियन यूटेलसैट के सह अध्यक्ष के तौर पर मेरी भूमिका के माध्यम से जारी है। मैं फ्रांस गणराज्य के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस सम्मान को स्वीकार करता हूं और भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की नई प्रतिबद्धता जताता हूं।" उनके पिछले सम्मानों की बात करें तो उनके पास पद्म भूषण भी है। इसके अलावा, 2024 में किंग चार्ल्स III ने उन्हें 'नाइट कमांडर ऑफ द मोस्ट एक्सीलेंट ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर (KBE)' से सम्मानित किया था। वह यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय नागरिक थे।