प्रीमियम फोन खरीदने के लिए ग्राहकों की सब्सक्रिप्शन मॉडल में बढ़ रही रुचि
भारत के प्रीमियम फोन बाजार में सब्सक्रिप्शन मॉडल तेजी से पैर जमा रहे हैं, खासकर उन डिवाइसेज के लिए जिनकी कीमत एक लाख रुपये से ज्यादा है।
इन प्लांस के जरिए आप कम एडवांस देकर हर साल या 2 साल में लेटेस्ट फोन ले सकते हैं और सालों तक एक ही डिवाइस से बंध कर नहीं रहना पड़ेगा।
यूजर 2 साल में बदल रहे फोन
स्मार्टफोन सब्सक्रिप्शन प्लेटफॉर्म बाइटपे हर महीने 20 से 30 फीसदी तक की वृद्धि दर्ज कर रहा है और ज्यादातर यूजर्स सीधे फोन खरीदने के बजाय सब्सक्रिप्शन को चुन रहे हैं।
लोग हर साल या 2 साल में अपग्रेड होना पसंद कर रहे हैं, खास तौर पर जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फीचर्स और कैमरा तकनीक लगातार बेहतर हो रही है।
लंबी EMI और गारंटीड बायबैक जैसे लचीले भुगतान विकल्प इन प्रीमियम फोंस को आम लोगों की पहुंच में ला रहे हैं। सैमसंग और गूगल जैसी कंपनियां अपने खुद के अपग्रेड प्रोग्राम भी लॉन्च कर रही हैं।
फोन की कीमतें बढ़ती जा रही हैं और त्योहारी सीजन में भारी छूट कम हो रही है, इसलिए सब्सक्रिप्शन मॉडल अब लंबे समय तक टिकने के पूरे संकेत हैं।