बकरीद के मौके पर कल शेयर बाजार बंद, BSE और NSE पर नहीं होगा कारोबार
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में कल (28 मई)बकरीद के मौके पर कारोबार नहीं होगा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) दोनों गुरुवार को बंद रहेंगे। ऐसे में निवेशक पूरे दिन शेयरों की खरीद और बिक्री नहीं कर पाएंगे। मई महीने में बाजार की यह दूसरी छुट्टी है। इससे पहले 1 मई को महाराष्ट्र दिवस के मौके पर भी बाजार बंद रहा था। इस वजह से इस बार कारोबार वाला हफ्ता छोटा रहेगा।
कारोबार
इन हिस्सों में भी नहीं होगा कारोबार
शेयर बाजार की छुट्टियों की सूची के मुताबिक गुरुवार को शेयर खरीद-बिक्री, वायदा कारोबार और मुद्रा से जुड़े कारोबार समेत कई जरूरी हिस्सों में काम नहीं होगा। बाजार से जुड़ी लगभग सभी सामान्य गतिविधियां एक दिन के लिए रुक जाएंगी। निवेशक इस दौरान कोई नया सौदा नहीं कर पाएंगे। छुट्टी खत्म होने के बाद अगले कारोबारी दिन बाजार फिर अपने तय समय पर पहले की तरह खुल जाएगा और सामान्य तरीके से काम शुरू होगा।
कमोडिटी बाजार
शाम को खुलेगा कमोडिटी बाजार
बकरीद के दिन कमोडिटी बाजार का समय थोड़ा अलग रहेगा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) के मुताबिक सुबह 09:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक कारोबार बंद रहेगा। इस दौरान किसी तरह की खरीद-बिक्री नहीं होगी। हालांकि, शाम 05:00 बजे के बाद कारोबार फिर शुरू हो जाएगा। ऐसे में शेयर बाजार पूरे दिन बंद रहेगा, जबकि सोना-चांदी और दूसरी जिंसों में कारोबार शाम के समय किया जा सकेगा। आज (27 मई) सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में सुस्ती देखने को मिल रही।