शेयर बाजार: सेंसेक्स में सुबह-सुबह 400 अंकों की उछाल, क्या है तेजी की वजह?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज (13 अक्टूबर) सुबह से ही तेजी का माहौल बना हुआ है। बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद सेंसेक्स में 400 अंकों से अधिक की बढ़त हुई। सुबह 11:50 के करीब सेंसेक्स 357 अंकों की बढ़त के साथ 72,322 पर था। वहीं, निफ्टी 50 भी 123 अंक उछलकर 22,486 पर कारोबार कर रहा था। IT और बैंकिंग कंपनियों के शेयरों में खरीदारी से बाजार को सहारा मिला।
#1
IT और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से बाजार को मिला सहारा
बाजार में तेजी की पहली बड़ी वजह IT कंपनियों के शेयरों में उछाल है।
HCL टेक के अच्छे तिमाही नतीजों के बाद निफ्टी IT सूचकांक करीब 3.5 प्रतिशत चढ़ गया। TCS, इंफोसिस, HCL टेक और टेक महिंद्रा के शेयरों में खरीदारी हुई।
बैंकिंग शेयरों में भी आज मजबूती देखने को मिल रही है। HDFC बैंक, ICICI बैंक और SBI के शेयरों में बढ़त ने सेंसेक्स और निफ्टी को ऊपर जाने में मदद की है।
#2
डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत होने से भी मिली राहत
बाजार में तेजी की दूसरी वजह रुपये की कीमत में सुधार है।
मंगलवार सुबह भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 62 पैसे मजबूत होकर 95.16 पर पहुंच गया। इससे पहले सोमवार को भी रुपये में सुधार हुआ था। भारतीय रिजर्व बैंक ने रुपये पर दबाव कम करने के लिए विदेशी मुद्रा कारोबार से जुड़े नियमों में बदलाव किए हैं।
इसके अलावा, बाजार में डॉलर की मांग घटाने के लिए भी कदम उठाए गए हैं, जिससे रुपये को सहारा मिला।
#3
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से बाजार को फायदा
शेयर बाजार में तेजी की तीसरी वजह कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट है।
मंगलवार सुबह ब्रेंट क्रूड का भाव 1 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर करीब 105 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। रूस से डीजल की अतिरिक्त आपूर्ति की उम्मीद और अमेरिकी प्रतिबंधों में अस्थायी राहत की खबरों से तेल की कीमतों पर दबाव पड़ा है।
भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से खरीदता है। ऐसे में तेल सस्ता होने से आयात खर्च घटने की उम्मीद रहती है।