शेयर बाजार: 2 दिन में 2,800 अंक चढ़ा सेंसेक्स, निवेशकों को 4 लाख करोड़ का मुनाफा
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार (6 नवंबर) दोपहर 1:30 बजे सेंसेक्स 869 अंक चढ़कर 80,179 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 194 अंकों की बढ़त के साथ 24,731 पर बना हुआ था। 2 कारोबारी सत्रों में ही सेंसेक्स 2,800 अंकों से ज्यादा चढ़ चुका है। वैश्विक बाजारों में तकनीकी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली के बावजूद घरेलू बाजार में मजबूती बनी हुई है।
बढत
7 दिनों में करीब 9 फीसदी चढ़े सेंसेक्स-निफ्टी
शुक्रवार को सेंसेक्स 0.9 फीसदी और निफ्टी 0.7 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।
इससे पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 2,008 अंक और निफ्टी 576 अंक चढ़कर बंद हुए। इस तरह दो सत्रों में सेंसेक्स 2,800 अंकों से ज्यादा और निफ्टी 700 अंकों से अधिक बढ़ चुके हैं।
दोनों प्रमुख सूचकांक लगातार 7 कारोबारी सत्रों में करीब 9 फीसदी चढ़े हैं। इस दौरान निवेशकों की संपत्ति में 4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा जुड़े हैं।
वजह
अमेरिकी चुनाव और कच्चे तेल की कीमतों ने दिया सहारा
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के नतीजों के बाद वैश्विक बाजार में भारी गिरावट दिखी है।
हालांकि, निवेशकों को अमेरिकी नीतियों में अचानक बदलाव की आशंका कम हुई है और ईरान युद्ध खत्म होने की उम्मीद भी बढ़ी है। दूसरी ओर, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भारत को राहत मिली है।
भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से खरीदता है। ऐसे में तेल सस्ता होने से आयात खर्च घट सकता है और रुपये पर दबाव कम हो सकता है।
अन्य
विदेशी निवेशकों की खरीदारी से बढ़ा बाजार का भरोसा
लंबे समय तक बिकवाली करने के बाद विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में फिर खरीदारी शुरू की है। उन्होंने पिछले 5 कारोबारी सत्रों में 35,781 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, इंडिगो, एशियन पेंट्स और सीएट जैसी कंपनियों को सस्ते कच्चे तेल से फायदा मिल सकता है। BPCL और HPCL को भी बेहतर मुनाफा होने की उम्मीद है।
हालांकि, ONGC और ऑयल इंडिया जैसी तेल उत्पादक कंपनियों पर इसका उलटा असर पड़ सकता है।