LOADING...
रेपो रेट पर RBI के फैसले से शेयर बाजार में गिरावट
रेपो रेट पर फैसले से शेयर बाजार में गिरावट (तस्वीर: फ्रीपिक)

रेपो रेट पर RBI के फैसले से शेयर बाजार में गिरावट

Aug 06, 2025
12:30 pm

क्या है खबर?

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने आज (6 अगस्त) रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं करने का निर्णय लिया है। RBI के इस फैसले का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। गवर्नर संजय मल्होत्रा की अगुवाई वाली मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने दर को 5.5 प्रतिशत पर स्थिर रखा। इसके बाद सेंसेक्स करीब 261 अंक गिरा और निफ्टी भी 105 अंक टूट गया। बैंकिंग शेयरों में कुछ तेजी रही, लेकिन बाकी सेक्टरों में गिरावट देखी गई।

महंगाई

महंगाई पर है RBI नजर

गवर्नर मल्होत्रा ने कहा कि MPC ने सर्वसम्मति से 'तटस्थ' नीतिगत रुख को जारी रखने का फैसला किया है, ताकि जरूरत पड़ने पर आगे बदलाव की गुंजाइश बनी रहे। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में है और आगे के लिए सकारात्मक संकेत हैं। RPI ने महंगाई के कुछ बढ़ने की संभावना जताई है, लेकिन कहा कि मुख्य मुद्रास्फीति 4 प्रतिशत के आसपास स्थिर रहेगी। CPI अनुमान को घटाकर 3.1 प्रतिशत कर दिया गया है।

 प्रदर्शन 

सेक्टोरल प्रदर्शन और बाजार की चाल

बाजार में बैंकिंग शेयरों ने अच्छा प्रदर्शन किया, जबकि IT, फार्मा, ऑटो और रियल्टी में गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स 1.2 प्रतिशत से ज्यादा टूटे। ट्रेंट, एशियन पेंट्स और कोटक बैंक बढ़त में रहे, वहीं इन्फोसिस, विप्रो और डॉ रेड्डीज कमजोर रहे। ऑटो इंडेक्स में बॉश, बालकृष्ण इंडस्ट्रीज और मदरसन में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। रियल्टी सेक्टर में सभी शेयर लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं।

उम्मीद

स्थिर दरों से रियल एस्टेट और निवेशकों को उम्मीद 

विशेषज्ञों का मानना है कि रेपो रेट में स्थिरता से मुद्रास्फीति नियंत्रण में रहेगी और निवेशकों को स्पष्टता मिलेगी। रियल एस्टेट सेक्टर को इससे स्थिरता मिली है, जिससे घर खरीदारों का भरोसा बना रहेगा। मैजिकब्रिक्स के CEO सुधीर पई ने कहा कि यह स्थिरता निर्णय लेने और दीर्घकालिक योजना में मददगार होगी। हालांकि, जिन उपभोक्ताओं को होम लोन दरों में राहत की उम्मीद थी, उन्हें थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है।