शेयर बाजार आज भी भारी गिरावट के साथ बंद, सेंसेक्स 1,048 अंक लुढ़का
क्या है खबर?
शेयर बाजार में आज (13 फरवरी) भी सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। आज सेंसेक्स 1,048 अंक की गिरावट के साथ 82,626.76 अंकों के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 336 अंक फिसलकर 25,471.10 अंकों के स्तर पर बंद हुआ। मिडकैप शेयरों में भी पूरे दिन उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। निफ्टी मिडकैप 50 मार्केट बंद होने तक 291 अंक की गिरावट के साथ 16,960.45 अंक पर बंद हुआ।
गेनर्स लूजर्स
ये शेयर रहे टॉप गेनर्स और लूजर्स
टॉप गेनर्स में आज बजाज फाइनेंस, पिरामल फार्मा और आयशर मोटर्स ने क्रमशः 2.57 फीसदी, 1.62 फीसदी और 1.54 फीसदी की बढ़त के साथ अच्छा प्रदर्शन किया। हिंदुस्तान एरोनॉटिकल और CG कंज्यूमर के शेयरों में भी क्रमशः 1.29 फीसदी और 1.18 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई। मुथूट फाइनेंस, एल्केम लैब, NMDC, हिंडाल्को और नालको क्रमशः 11.82 फीसदी, 7.97 फीसदी, 6.27 फीसदी, 5.74 फीसदी और 5.52 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहे।
वजह
क्यों दर्ज हुई बाजार में गिरावट?
भारतीय शेयर बाजार में आज बड़ी गिरावट कमजोर वैश्विक संकेतों और बढ़ती अनिश्चितता के कारण देखने को मिली है। AI से टेक और अन्य सेक्टर पर संभावित असर को लेकर निवेशकों में चिंता बढ़ी है। अमेरिका में मजबूत रोजगार आंकड़ों के बाद ब्याज दरों में जल्द कटौती की उम्मीदें कमजोर हुई हैं। आने वाले अमेरिकी महंगाई आंकड़ों से पहले सतर्कता, IT और मेटल शेयरों में बिकवाली तथा हालिया तेजी के बाद मुनाफावसूली ने भी बाजार को नीचे खींचा है।
कीमत
सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट
भारतीय सर्राफा बाजार में सोना-चांदी की कीमतों में आज गिरावट देखने को मिली है। आज 24 कैरेट सोना सस्ता होकर 1.51 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है और चांदी की बात करें तो यह 2.42 लाख रुपये प्रति किलो बिक रही है। खबर लिखे जाने तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूरोपीय शेयर बाजार में FTSE और DAX बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। अमेरिकी शेयर बाजार का S&P 500 गिरावट के साथ लाल निशान पर था।