स्टीमहाउस 9 सितंबर को लॉन्च करेगी 414 करोड़ रुपये का IPO
स्टीमहाउस इंडिया अपना आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) लाने की तैयारी में है। इसके शेयरों का दाम 77 से 81 रुपये के बीच रखा गया है।
निवेशक 9 से 11 सितंबर तक इन शेयरों के लिए आवेदन कर पाएंगे। एंकर निवेशकों के लिए यह IPO एक दिन पहले खुलेगा।
कंपनी इससे कुल 414 करोड़ रुपये जुटाएगी। इसमें 353 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि प्रमोटर विशाल सनवरप्रसाद बुधिया 61 करोड़ रुपये के शेयर ऑफर फोर सेल (OFS) के जरिए बेचेंगे।
जुटाए गए पैसों से चुकाएगी कर्ज
एक लॉट में 185 शेयर होंगे। कुल शेयरों में से बड़े संस्थागत खरीदारों (QIBs) के लिए अधिकतम 50 फीसदी शेयर आरक्षित रखे गए हैं।
दूसरी तरफ, धनी निवेशकों (HNI) के लिए कम से कम 15 फीसदी और आम खुदरा निवेशकों के लिए कम से कम 35 फीसदी शेयर तय किए गए हैं। शेयरों का आवंटन 15 सितंबर को होगा। जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेंगे, उनके पैसे 16 सितंबर को वापस कर दिए जाएंगे। साथ ही, डीमैट अकाउंट्स में शेयर ट्रांसफर भी उसी दिन हो जाएंगे।
कंपनी के शेयर 17 सितंबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) दोनों पर लिस्ट होंगे। IPO से मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल 180 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, कंपनी अपनी 2 फैक्ट्रियों की उत्पादन क्षमता बढ़ाएगी और एक नई भाप-उत्पादन सुविधा के लिए भी पैसे लगाएगी।