स्टैंडर्ड चार्टर्ड प्रमुख बिल विंटर्स को क्यों मांगनी पड़ी माफी?
स्टैंडर्ड चार्टर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बिल विंटर्स इन दिनों सुर्खियों में हैं। दरअसल, उन्होंने कुछ नौकरियों को 'कम मूल्य वाले मानव संसाधन' कहा था, जिसके लिए अब उन्होंने माफी मांगी है।
यह विवादित टिप्पणी तब आई, जब बैंक ने 7,000 नौकरियां खत्म करने की अपनी योजना का ऐलान किया। यह आंकड़ा उसके कुल कर्मचारियों का करीब 8 प्रतिशत है।
यह छंटनी एक बड़े बदलाव का हिस्सा है, जिसके तहत बैंक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अपनाना चाहता है और अपने कामकाज के तरीकों को आधुनिक बनाना चाहता है।
अपने शब्दों पर अब पछता रहे विंटर्स
विंटर्स ने लिंक्डइन पर एक पोस्ट लिखकर अपने शब्दों पर पछतावा जताया। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य ध्यान छंटनी वाले कर्मचारियों की मदद करने पर है, ताकि वे नए हुनर सीखकर नई भूमिकाओं में ढल सकें।
उन्होंने साफ किया कि यह कदम सिर्फ पैसे बचाने के लिए नहीं उठाया जा रहा, बल्कि तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए जरूरी है।
विंटर्स ने यह भी भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों को पर्याप्त समय पर सूचना और पूरा सहयोग मिलेगा। यह बात इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत, चीन और सिंगापुर जैसे देशों में 2030 तक 15 प्रतिशत से ज्यादा सपोर्ट नौकरियां AI के कारण प्रभावित हो सकती हैं।