SS रिटेल ने लॉन्च किया 500 करोड़ रुपये का IPO, जानिए कितनी है शेयर की कीमत
महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गोवा और गुजरात में इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर चलाने वाली SS रिटेल ने अपना आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) लॉन्च कर दिया है। यह शुक्रवार (18 सितंबर) तक खुला रहेगा।
बाजार में इस IPO को लेकर अभी से काफी चर्चा है क्योंकि ग्रे मार्केट से मिल रहे संकेतों के मुताबिक, इसमें 31 फीसदी तक की कमाई होने की संभावना है।
इसके जरिए कुल 500 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है, जिसमें 360 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे और 140 करोड़ रुपये के शेयर मौजूदा प्रमोटर बेचेंगे। कंपनी ने अपने शेयरों की कीमत 403 से 424 रुपये तय की है। इसकीलिस्टिंग 23 सितंबर को हो सकती है।
कंपनी की आय में 47 फीसदी इजाफा
IPO से जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल नए स्टोर खोलने और कंपनी के कामकाज को सुचारु रूप से चलाने के लिए किया जाएगा। SS रिटेल ने हाल के सालों में शानदार प्रदर्शन किया है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी की कुल आय 1,600 करोड़ रुपये थी, जो वित्त वर्ष 2026 में 47 फीसदी बढ़कर 2,353 करोड़ रुपये हो गई। इसी दौरान मुनाफा भी 49 फीसदी बढ़ा है।
2016 में शुरू हुई यह कंपनी अब तक 536 स्टोर तक पहुंच चुकी है। इसके अलावा, वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने ओलिनियो नेक्सस में 51.04 फीसदी हिस्सेदारी भी खरीदी है।