श्रीधर वेंबू ने AI के कारण सॉफ्टवेयर नौकरियों पर खतरे की दी चेतावनी
जोहो के संस्थापक श्रीधर वेंबू ने चेतावनी दी है कि सॉफ्टवेयर नौकरियों का भविष्य खतरे में दिख रहा है क्योंकि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बहुत तेजी से अपना दबदबा बना रहा है।
उन्होंने बताया कि AI चलाने से सर्वर का खर्च पहले से लगभग 4 गुना तक बढ़ गया है।
इसके साथ ही मुश्किल वैश्विक माहौल को देखते हुए जोहो ने अपने मार्केटिंग बजट में भी कटौती की है और इस साल कर्मचारियों को आमतौर पर मिलने वाली वेतन बढ़ोतरी भी नहीं मिलेगी।
छंटनी की कोई योजना नहीं
इन सभी चुनौतियों के बावजूद वेंबू ने साफ किया है कि जोहो बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी करने की कोई योजना नहीं बना रही है। बढ़ती लागतों से निपटने के दौरान पिछले 18 महीनों में कंपनी ने कर्मचारियों की संख्या नहीं बढ़ाई है।
जोहो इस समय एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है और अगले कुछ साल ही बताएंगे कि उसकी यह नई रणनीति कितनी कामयाब रहती है।
वेंबू ने इस अनिश्चितता वाले समय में कंपनी के साथ खड़े रहने के लिए कर्मचारियों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि जब कंपनी खुद को बदलते उद्योग के हिसाब से ढाल रही है, तब कर्मचारियों का धैर्य बहुत मायने रखता है।