श्रीधर वेंबू ने एलन मस्क की व्यंग्यात्मक पोस्ट पर साधा निशाना, मुकेश अंबानी का किया बचाव
क्या है खबर?
जोहो के संस्थापक श्रीधर वेंबू ने सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस के लिए भारत के नियामक ढांचे पर एलन मस्क की आलोचना का जवाब दिया है। उन्होंने देश में मोबाइल डाटा की कम कीमतों, सस्ती दवाओं और कम लागत वाले डिजिटल पेमेंट सिस्टम का हवाला देते हुए कहा है कि प्रतिस्पर्धा से ग्राहकों को फायदा हुआ है। उन्होंने यह प्रतिक्रिया मस्क के सैटेलाइट इंटरनेट क्षेत्र में एकाधिकार के आरोपों के जवाब में दी है, जिसमें उन्होंने मुकेश अंबानी पर तंज कसा था।
तंज
मुकेश अंबानी पर कसा तंज
शुक्रवार को अरबपति मस्क ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन अंबानी पर तंज करते हुए एक पोस्ट किया।
इसमें उनसे अपनी सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक को भारत में कारोबार करने की अनुमति देने की अपील की गई। उन्होंने अंबानी को भारत का असली बॉस बताते हुए उनसे प्रतिस्पर्धा का मौका देने की बात कही।
मस्क ने इस टिप्पणी के जरिए भारत में कुछ रसूखदार लोगों (मुकेश अंबानी) द्वारा उनकी सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस स्टारलिंक को रोके जाने का आरोप लगाया।
प्रतिक्रिया
दुनिया में सबसे सस्ता डाटा भारत में मिलने का दावा
मस्क के एकाधिकार के आरोपों पर जोहो प्रमुख ने प्रतिस्पर्धा का तर्क देते हुए दावा किया कि भारत में डाटा की कीमतें दुनिया में सबसे कम हैं।
इसमें रिलायंस जियो की अहम भूमिका बताई और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने प्रतिस्पर्धा और स्टार्टअप्स के विकास को बढ़ावा दिया है।
मस्क ओर से भारत में एकाधिकार वाली गतिविधियों के बारे में की गई टिप्पणियों का जवाब देते हुए वेंबू ने लिखा, "एलन, ये तथ्य हैं।"
दावा
सरकार ने किया आरोपों को खारिज
दूसरी तरफ, सरकार ने भी मस्क के दावों को खारिज करते हुए भारत में किसी भी क्षेत्र में एकाधिकार के दावों को नकारा है।
संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, "मैं बिल्कुल साफ कर देना चाहता हूं कि भारत किसी भी सेक्टर में एकाधिकार की इजाजत नहीं देता है, यहां तक कि सैटकॉम के मामले में भी किसी एक लाइसेंसधारी को नहीं चुना गया। जो भी ये सेवाएं देना चाहता है, उन सभी को लाइसेंस दिए गए।"