जोहो इस साल क्यों नहीं बढ़ाएगी कर्मचारियों की सैलरी? श्रीधर वेम्बू ने बताई वजह
क्या है खबर?
सॉफ्टवेयर कंपनी जोहो ने इस साल अपने कर्मचारियों की सैलरी नहीं बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी के संस्थापक श्रीधर वेम्बू ने इसकी जानकारी देते हुए कर्मचारियों से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि इस बार वेतन में सामान्य सालाना बढ़ोतरी नहीं हो पाएगी। कंपनी अपने खर्चों को कम करने के लिए कई कदम उठा रही है। वेम्बू ने कर्मचारियों की स्थिति को समझने और मुश्किल समय में साथ देने के लिए उनका आभार भी जताया है।
वजह
AI और सर्वर की बढ़ती कीमतों से बढ़ा खर्च
वेम्बू के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल और सर्वर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी से कंपनी पर आर्थिक दबाव बढ़ा है।
डाटा सेंटर के लिए जरूरी सर्वर की कीमतें 4 गुना तक बढ़ गई हैं। इसके अलावा, AI सेवाओं का इस्तेमाल बढ़ने से भी खर्च तेजी से बढ़ रहा है। वेम्बू ने कहा कि सॉफ्टवेयर कारोबार का भविष्य फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
अंतरराष्ट्रीय हालात भी कंपनियों के लिए चुनौती बने हुए हैं, इसलिए जोहो खर्च घटा रही है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
The business outlook for software is uncertain and AI has raised costs dramatically with a) massive 4-fold increase in server prices which we need for data centers b) AI usage increasing rapidly, leading to much higher expenses, which we are trying to control.
— Sridhar Vembu (@svembu) October 12, 2026
On top of that is…
योजना
बड़े स्तर पर छंटनी से बचना चाहती है कंपनी
जोहो के संस्थापक ने कहा कि कंपनी बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी से बचने की पूरी कोशिश करेगी।
हालांकि, उन्होंने सॉफ्टवेयर क्षेत्र में नौकरियों के भविष्य को लेकर चिंता जताई। उनके मुताबिक, कंपनी पिछले 18 महीनों से अपने कर्मचारियों की संख्या नहीं बढ़ा रही है। दूसरी ओर, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, ओरेकल और TCS जैसी कंपनियों में भी छंटनी हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में अब तक दुनियाभर में 1.31 लाख से ज्यादा तकनीकी कर्मचारी अपनी नौकरी गंवा चुके हैं।
असर
अगले 3 से 5 साल में दिखेगा बदलाव का असर
वेम्बू ने बताया कि जोहो बदलते हालात के मुताबिक अपने कारोबार और काम करने के तरीके में बदलाव कर रही है।
उन्होंने कहा कि अगले 3 से 5 साल कंपनी के लिए अहम होंगे और इसी दौरान पता चलेगा कि ये बदलाव कितने सफल रहे। वेम्बू ने मुश्किल समय में साथ देने वाले कर्मचारियों का धन्यवाद किया है।
इससे पहले अगस्त में भी उन्होंने मेमोरी और AI सेवाओं की बढ़ती कीमतों को कारोबार के लिए बड़ी चुनौती बताया था।