स्क्वेयरस्पेस ने 300 कर्मचारियों को नौकरी से क्यों निकाला?
वेबसाइट बनाने के क्षेत्र में तेजी से आ रहे बदलावों के साथ तालमेल बिठाने के लिए स्क्वेयरस्पेस ने अपनी टीम के लगभग 19 फीसदी यानि 300 कर्मचारियों की छंटनी की है।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एंथनी कैसलेना ने बताया कि यह फैसला पैसे बचाने के लिए नहीं, बल्कि कंपनी को अधिक फुर्तीला बनाने के मकसद से लिया गया है। उनका कहना है कि इससे टीमें छोटी होंगी और प्रबंधन के स्तर कम किए जा सकेंगे।
कैसलेना ने कहा, "हमें जिस तरह से काम करने की जरूरत पड़ रही है, उसमें हमारे इतिहास के किसी भी दौर से ज्यादा तेजी से बदलाव आ रहे हैं।"
छंटनी वाले कर्मचारियों को मिलेंगे ये फायदे
कैसलेना ने सभी कर्मचारियों को उनकी कड़ी मेहनत के लिए धन्यवाद दिया और यह भी स्वीकार किया कि यह खबर कितनी दुखद है। जिन कर्मचारियों की छंटनी हुई है, उन्हें कम से कम 16 सप्ताह का बेसिक वेतन मिलेगा।
इसके साथ ही स्क्वेयरस्पेस में उनकी सेवा अवधि के अनुसार उन्हें अतिरिक्त मुआवजा भी दिया जाएगा।
कंपनी उन्हें करियर कोचिंग के साथ-साथ नई नौकरी खोजने में भी सहायता प्रदान करेगी। कर्मचारियों के फायदे मई, 2027 तक जारी रहेंगे, जबकि अंतरराष्ट्रीय कर्मचारियों को उनके स्थानीय कानूनों के हिसाब से मदद मिलेगी।