एलन मस्क की स्पेस-X करीब 600 अरब रुपये में रिफ्लेक्शन AI को बेचेगी कोलोसस
स्पेस-X ने रिफ्लेक्शन AI के साथ एक बड़ा सौदा किया है, जिसकी कीमत 6.3 अरब डॉलर (करीब 600 अरब रुपये) तक हो सकती है। इस डील के तहत रिफ्लेक्शन AI को एलन मस्क की कंपनी के 'कोलोसस' सुपरकंप्यूटिंग सेटअप का इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही, एनवीडिया के GB300 चिप्स तक उसे तुरंत पहुंच मिल जाएगी।
इसके लिए उसे हर महीने 15 करोड़ डॉलर (करीब 1,400 करोड़ रुपये) का भुगतान करना होगा, जो 1 जुलाई से शुरू होगा। ये चिप्स एडवांस्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल बनाने के लिए बेहद जरूरी हैं। यह साझेदारी 2029 तक चलेगी, लेकिन दोनों में से कोई भी पक्ष 3 महीने का नोटिस देकर इसे खत्म कर सकता है।
ग्रॉक के लिए बना कोलोसस अब कमाई का जरिया बना
स्पेस-X के चैटबॉट ग्रॉक के लिए तैयार किया गया कोलोसस अब कमाई का एक बड़ा जरिया बन गया है। रिफ्लेक्शन AI अब एंथ्रोपिक, गूगल और कर्सर जैसी बड़ी कंपनियों के साथ एक क्लाइंट के तौर पर जुड़ गई है।
AI डेवलपमेंट के लिए एनवीडिया के ये शक्तिशाली चिप्स आजकल बहुत ज्यादा मांग में हैं। ऐसे में स्पेस-X सिर्फ रॉकेट और सैटेलाइट तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि अब टेक की दुनिया में भी अपनी पहचान बना रही है।