LOADING...
स्पेस-X ने किया बड़ा सौदा, लगभग 5,600 अरब रुपये में खरीद सकती है AI कोडिंग स्टार्टअप
स्पेस-X ने किया बड़ा सौदा

स्पेस-X ने किया बड़ा सौदा, लगभग 5,600 अरब रुपये में खरीद सकती है AI कोडिंग स्टार्टअप

Apr 22, 2026
09:01 am

क्या है खबर?

अरबपति एलन मस्क की अंतरिक्ष कंपनी स्पेस-X ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कोडिंग स्टार्टअप कर्सर के साथ बड़े समझौते की घोषणा की है। कंपनी ने कहा कि वह इस साल के अंत तक कर्सर को करीब 60 अरब डॉलर (लगभग 5,600 अरब रुपये) में खरीद सकती है या फिर उसके साथ काम करने के लिए 10 अरब डॉलर (लगभग 900 अरब रुपये) का निवेश कर सकती है। इस सौदे का मकसद AI कोडिंग के क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करना है।

कोशिश

AI कोडिंग में आगे बढ़ने की कोशिश

स्पेस-X ने बताया कि दोनों कंपनियां मिलकर बेहतर AI कोडिंग टूल बनाने पर काम करेंगी। कंपनी के मुताबिक, इसका लक्ष्य दुनिया का सबसे अच्छा कोडिंग और ज्ञान आधारित एआई तैयार करना है। हाल ही में स्पेस-X, मस्क की AI कंपनी xAI के साथ भी जुड़ चुकी है। मस्क ने माना था कि उनकी कंपनी कोडिंग टूल्स में पीछे है, इसलिए अब इस दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।

काम

कर्सर क्या करता है और क्यों खास है?

कर्सर एक AI आधारित टूल है, जिसे 2023 में लॉन्च किया गया था। यह प्रोग्रामर्स को कोड लिखने और गलतियां सुधारने में यूजर्स की मदद करता है। यह स्टार्टअप तेजी से लोकप्रिय हुआ है और डेवलपर्स के बीच इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। AI के बढ़ते इस्तेमाल के साथ ऐसे टूल्स की जरूरत भी बढ़ी है, जिससे कर्सर इस क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कंपनी बन गया है और निवेशकों का ध्यान खींच रहा है।

Advertisement

प्रतिस्पर्धा

AI सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा

AI कोडिंग टूल्स के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा तेजी से बढ़ रही है। कई बड़ी कंपनियां और स्टार्टअप्स इस दिशा में नए प्रोडक्ट्स ला रहे हैं। स्पेस-X का यह कदम इसी प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने की कोशिश माना जा रहा है। कंपनी के पास बड़ी तकनीकी क्षमता और संसाधन हैं, जिससे वह इस क्षेत्र में तेजी से विकास कर सकती है। आने वाले समय में इस डील का असर पूरे टेक सेक्टर पर देखने को मिल सकता है।

Advertisement