AI शेयरों में बिकवाली से दक्षिण कोरिया शेयर बाजार मचा हड़कंप
सोमवार को दक्षिण कोरिया के कोस्पी इंडेक्स को तगड़ा झटका लगा।आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में ताबड़तोड़ बिकवाली की वजह से यह इंडेक्स लगभग 5 फीसदी तक लुढ़क गया।
बिकवाली इतनी तेज थी कि शेयर बाजार को 5 मिनट के लिए कारोबार रोकना पड़ा, ताकि हालात कुछ संभल सकें। जून के आखिर में जब कोस्पी ने अपना सबसे ऊंचा स्तर छुआ था, तब से अब तक यह 28 फीसदी गिर चुका है। यह लगातार चौथा सप्ताह है, जब इंडेक्स लाल निशान पर बंद हुआ है।
चिप और ऑटो शेयरों में भारी गिरावट
AI चिप बनाने वाली बड़ी कंपनियों SK हाईनिक्स और सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में भी करीब 6 फीसदी की गिरावट आई। हुंडई मोटर के शेयर 7 फीसदी और किआ के शेयर 7.5 फीसदी तक नीचे आ गए।
इस गिरावट की एक वजह हुंडई में चल रही हड़ताल भी मानी जा रही है। इतनी भारी उथल-पुथल के बावजूद, विदेशी निवेशकों ने 28.03 करोड़ डॉलर (करीब 2,600 करोड़ रुपये) के शेयर खरीदे, वहीं दक्षिण कोरिया की मुद्रा वॉन, डॉलर के मुकाबले थोड़ी मजबूत हुई। ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड भी बढ़ गई। यह बताता है कि निवेशक अभी भी सतर्क हैं क्योंकि बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है।