दक्षिण कोरिया के वित्तीय नियामक ने हाल ही में कुछ नए नियम प्रस्तावित किए हैं, जिनके तहत बैंक एक साथ मिलकर स्टेबलकॉइन जारी कर सकेंगे।
इस कदम से देश में इनिशियल कॉइन ऑफरिंग (ICO) पर लगे 9 साल पुराने प्रतिबंध में ढील मिलने की संभावना है।
मंगलवार को घोषित किया गया यह ड्राफ्ट कानून क्रिप्टो बाजार में ज्यादा पारदर्शिता और भरोसा लाने पर केंद्रित है।
हालांकि, इसमें कोई भी बदलाव होने से पहले इसे नेशनल असेंबली से मंजूरी लेनी होगी।
व्हाइट पेपर जमा करने होंगे
इन नियमों के अनुसार, केवल ऐसे संघ ही ये कॉइन जारी कर सकते हैं, जिनमें बैंकों का ज्यादातर नियंत्रण हो। हालांकि, फिनटेक कंपनियों को भी इस काम में शामिल होने का मौका मिल सकता है।
इसके लिए कुछ सीमाएं भी तय की गई हैं। डिजिटल एसेट प्लेटफॉर्म में बड़े शेयरधारक अधिकतम 20 फीसदी तक हिस्सेदारी रख सकते हैं, जिसे नियामक की सहमति से 34 फीसदी तक बढ़ाया जा सकता है।
कोई भी व्यक्ति या संस्था जो नया टोकन लॉन्च करना चाहता है, उसे एक विस्तृत व्हाइट पेपर जमा करना होगा। इस व्हाइट पेपर में यह साफ-साफ बताना होगा कि फंड का इस्तेमाल कैसे किया जाएगा और इसमें क्या-क्या जोखिम शामिल हैं? अगर, इन नियमों को मंजूरी मिल जाती है तो यह 2017 से दक्षिण कोरिया की कड़ी एंटी-ICO नीति में एक बहुत बड़ा बदलाव होगा।