दक्षिण कोरियाई बाजार में आई जबरदस्त गिरावट, 20 मिनट के लिए रुकी ट्रेडिंग
दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार को सोमवार (8 जून) को बड़ा झटका लगा, जब कोस्पी इंडेक्स 8 फीसदी से ज्यादा गिर गया। इस जबरदस्त गिरावट के चलते ट्रेडिंग को 20 मिनट के लिए रोकना पड़ा।
बाजार में यह अचानक आई गिरावट दुनियाभर में टेक शेयरों की जोरदार बिकवाली, अमेरिका में ब्याज दरें ऊंची रहने की आशंका और बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों की वजह से देखी गई।
टेक और सेमीकंडक्टर शेयर गिरे
पिछले सप्ताह नैस्डैक 4.2 फीसदी गिर गया था, जो 2020 की शुरुआत के बाद से उसका सबसे खराब प्रदर्शन था। इस गिरावट का असर टेक और सेमीकंडक्टर शेयरों पर तुरंत दिखा, जो दक्षिण कोरिया की अर्थव्यवस्था में एक अहम भूमिका निभाते हैं और इनमें भारी बिकवाली दर्ज की गई।
अमेरिका के मजबूत रोजगार आंकड़ों से महंगाई बढ़ने की चिंता बढ़ गई है, जिससे निवेशक अब फेडरल रिजर्व की और सख्त नीतियों और ऊंची बॉन्ड दरों की आशंका जता रहे हैं।
इसके अलावा, इजरायल और ईरान के बीच चल रही सैन्य झड़पों ने कच्चे तेल की कीमतों को 95 डॉलर (करीब 8,800 रुपये) प्रति बैरल के करीब पहुंचा दिया है, जिसने पूरे एशियाई बाजारों को हिलाकर रख दिया है।