25 साल बाद सोनी की डॉलर बॉन्ड बाजार में वापसी, जुटाएगी सस्ता कर्जा
सोनी ने 1998 के बाद पहली बार डॉलर बॉन्ड बाजार में वापसी की है। जापान में कर्ज महंगा होने के चलते सोनी और कई दूसरी बड़ी जापानी कंपनियां अब विदेशों में सस्ते कर्ज के अवसर तलाश रही हैं।
बैंक ऑफ अमेरिका और मॉर्गन स्टेनली ने इस सौदे को लेकर निवेशकों से बातचीत शुरू कर दी है।
2 तरह के बॉन्ड लाने की योजना
सोनी 2 तरह के बॉन्ड जारी करेगी, जिसमें 5 साल और 10 साल की अवधि वाले बॉन्ड शामिल होंगे। इन पैसों का इस्तेमाल कंपनी अपनी सामान्य कारोबारी योजनाओं को पूरा करने के लिए करेगी।
ऐसा करने वाली यह अकेली नहीं है। डेंसो और मित्सुबिशी जैसी कई जापानी कंपनियां भी अंतरराष्ट्रीय बाजार से पूंजी जुटा रही हैं।
सोनी के बॉन्ड को अच्छी रेटिंग मिलने की उम्मीद है। इसकी वजह कंपनी की दमदार कमाई और मजबूत नकदी प्रवाह है। खासकर इस साल की शुरुआत में S&P ने इसकी रेटिंग बढ़ाई थी क्योंकि कंपनी मनोरंजन क्षेत्र में अपनी ग्रोथ पर ज्यादा फोकस कर रही है।