ओफबिजनेस की करीब 7,600 करोड़ रुपये का IPO लाने की तैयारी
सॉफ्टबैंक समर्थित B2B स्टार्टअप ओफबिजनेस 80 करोड़ डॉलर (करीब 7,600 करोड़ रुपये) का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी में है।
कंपनी 20 करोड़ डॉलर (करीब 1,900 करोड़ रुपये) तक के नए शेयर जारी कर पूंजी जुटाने की योजना बना रही है। दूसरी तरफ, बाकी शेयर मौजूदा निवेशक बेचेंगे।
इस IPO के लिए कंपनी ने एक्सिस कैपिटल, मॉर्गन स्टेनली, जेपी मॉर्गन और सिटीग्रुप जैसे बड़े बैंकों के साथ साझेदारी की है। इसके ड्राफ्ट पेपर नवंबर तक दाखिल किए जा सकते हैं।
कच्चे माल और फाइनेंस की सुविधा देती है कंपनी
2015 में शुरू हुई ओफबिजनेस छोटी और मध्यम कंपनियों को कच्चा माल खरीदने और एक ही जगह से फाइनेंस प्राप्त करने की सुविधा देती है।
इसमें धातु, रसायन और कृषि उत्पाद जैसी चीजें प्रमुख रूप से शामिल हैं। टाइगर ग्लोबल और मैट्रिक्स पार्टनर्स जैसे दिग्गज निवेशक इसके मुख्य समर्थक हैं।
यह IPO ऐसे समय में आ रहा है, जब भारतीय शेयर बाजार में फिर से रौनक लौट रही है। इस साल अब तक 6.8 अरब डॉलर (करीब 650 अरब रुपये) जुटाए जा चुके हैं, जो दर्शाता है कि कंपनियां अब निर्गम लाने को लेकर पहले से ज्यादा उत्साहित हैं।