विलय से पहले स्काईडांस ने येनॉन क्रेज को बनाया सह CEO, जानिए क्या रहेगी जिम्मेदारी
6 अक्टूबर को वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के साथ होने वाले बड़े विलय से ठीक पहले पैरामाउंट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डेविड एलिसन ने मैटेल के पूर्व CEO येनॉन क्रेज को नई बनने वाली कंपनी स्काईडांस का सह CEO बनाया है। इस सौदे से वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के सभी ब्रांड्स और स्ट्रीमिंग सर्विसेज स्काईडांस के बैनर तले आ जाएंगे।
बचत और कर्ज चुकाने की रहेगी चुनौती
क्रेज कंपनी के रोजमर्रा के कामकाज देखेंगे और इस बड़े मर्जर को सही दिशा देंगे, वहीं एलिसन कंपनी की बड़ी रणनीतियों पर ध्यान देंगे।
मीडिया सेक्टर में 3 दशकों का अनुभव रखने वाले क्रेज ने मैटल जैसी कंपनी को मुश्किल दौर से निकाला था। ऐसे में उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे स्काईडांस को 6 अरब डॉलर (करीब 550 अरब रुपये) बचाने और कंपनी पर चढ़े 79 अरब डॉलर (करीब 7,500 अरब रुपये) के भारी कर्ज को संभालने में मदद करेंगे।
इन सब बदलावों के बावजूद स्काईडांस ने कहा है कि वह लगातार फिल्में बनाती रहेगी। कंपनी 2027 और 2028 में हर साल कम से कम 30 फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज करेगी, वहीं, 2029, 2030 और 2031 में यह आंकड़ा हर साल कम से कम 32 फिल्मों का रहेगा। ऐसा करके कंपनी एंटीट्रस्ट चिंताओं पर राज्य के अटॉर्नी जनरलों के साथ एक समझौता करना चाहती है और साथ ही अपने बढ़े हुए संसाधनों का पूरा लाभ उठाना चाहती है।