SK हाईनिक्स कर रही जापान में नई चिप फैक्ट्री बनाने की तैयारी
SK हाईनिक्स जापान में अपने साझेदारों के साथ मिलकर एक नई चिप फैक्टरी बनाने की सोच रही है। कंपनी का लक्ष्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टेक्नोलॉजी की तेजी से बढ़ती मांग को पूरा करना और उत्पादन लागत को नियंत्रित करना है।
चेयरमैन चे ताई-वोन ने सेंडाई में जापानी और कोरियाई बिजनेस लीडर्स के साथ हुई एक बैठक में इन योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
बेहतर सुविधा वाली जगह तलाश रही कंपनी
अभी SK हाईनिक्स जापानमें ऐसी जगहों की तलाश कर रही है, जहां भरोसेमंद बिजली और पानी की सुविधा हो। चिप फैक्टरी के लिए ये बहुत जरूरी हैं, लेकिन कंपनी ने अभी तक किसी खास साझेदार का नाम नहीं बताया है।
यह कदम कंपनी की वैश्विक उत्पादन क्षमता बढ़ाने की बड़ी योजना का हिस्सा है। इसी प्रकार, SK हाईनिक्स इंडियाना के वेस्ट लाफायेट में एक आधुनिक मेमोरी पैकेजिंग फैसिलिटी भी बना रही है और कोरिया में अपनी चिप बनाने वाली सुविधाओं के लिए करीब 39 अरब डॉलर (करीब 3,700 अरब रुपये) के विस्तार की योजना भी है।
अगर, जापान का यह प्रोजेक्ट आगे बढ़ता है तो इससे किओक्सिया होल्डिंग्स जैसी स्थानीय कंपनियों के साथ SK हाईनिक्स के संबंध और मजबूत हो सकते हैं।