सैमसंग को पीछे छोड़ SK हाईनिक्स बनी दक्षिण कोरिया की सबसे मूल्यवान कंपनी
चिप निर्माता SK हाईनिक्स ने हाल ही में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। सोमवार को यह थोड़े समय के लिए सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स को पछाड़कर दक्षिण कोरिया की सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई।
दरअसल, इसके शेयरों में 5.7 फीसदी की जबरदस्त उछाल देखने को मिली। इसके साथ कंपनी का बाजार मूल्य 1,350 अरब डॉलर (करीब 1.2 लाख अरब रुपये) तक पहुंच गया। यह 2000 के बाद पहला मौका है, जब इसने सैमसंग को पीछे छोड़ा है।
AI डाटा सेंटर से बढ़ी मेमोरी की मांग
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डाटा सेंटर बनाने की होड़ ने मेमोरी चिप्स की मांग को आसमान पर पहुंचा दिया है। इसी वजह से अमेरिकी टेक कंपनियां इसकी आपूर्ति को तेजी से हासिल कर रही हैं।
यही कारण है कि इस साल SK हाईनिक्स के शेयरों में 340 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है, जो सैमसंग की 200 फीसदी की बढ़त से कहीं ज्यादा है।
कंपनी ने मई में बाजार मूल्य के लिहाज से एक बड़ा मील का पत्थर हासिल किया। यह इस बात का सबूत है कि AI की तेजी टेक दुनिया को किस तरह से नया आकार दे रही है।