अगले सप्ताह 6 कंपनियां ला रहीं IPO, कुल 3,825 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य
अगले सप्ताह 22 से 28 सितंबर के बीच 6 कंपनियां अपना आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) लाने वाली हैं। इन कंपनियों का लक्ष्य कुल 3,825 करोड़ रुपये जुटाना है।
इस रकम से कंपनियां अपने कारोबार का विस्तार कर पाएंगी, पुराने कर्ज चुका सकेंगी और रोजमर्रा के खर्चों को पूरा कर सकेंगी।
इससे पहले, इस महीने में 17 IPO पूरे हो चुके हैं, जिससे बाजार में काफी गहमागहमी रही है।
कब-कब दस्तक देंगे IPO?
इनमें सबसे बड़ा IPO एलिवेट कैम्पसेज का है, जो 23 सितंबर को खुलेगा। कंपनी 343 से 362 रुपये प्रति शेयर के मूल्य दायरे में 2,100 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य लेकर आई है।
इसके बाद वर्मोरा ग्रेनाइटो की बारी है, जो 22 से 24 सितंबर के बीच अपना 708 करोड़ रुपये का IPO लाएगी, जिसके लिए प्रति शेयर मूल्य 140 से 148 रुपये तय किया गया है।
इसके बाद, एवन स्टील्स इंडिया का 405 करोड़ रुपये का IPO 24 से 28 सितंबर के दौरान आएगा, जिसका मूल्य दायरा 385 से 405 रुपये है।
इनके अलावा, अर्मी इंफोटेक 300 करोड़ रुपये, स्वास्तिका इंफ्रा 161 करोड़ रुपये और एड्रॉयट इंडस्ट्रीज 151 करोड़ रुपये के IPO भी 23 से 25 सितंबर के बीच आने वाले हैं।