वायरल इलाज पेटेंट मिलते ही गोदावरी बायोरेफाइनरीज के शेयर 10 फीसदी उछले
गोदावरी बायोरेफाइनरीज के शेयर बुधवार (16 सितंबर) को लगभग 10 फीसदी उछल गए। इसकी वजह यह है कि कंपनी को वायरल इंफेक्शन के इलाज में इस्तेमाल होने वाले कंपाउंड्स के लिए चीन से पेटेंट मिल गया है।
इस खबर के आते ही कंपनी के शेयरों की खरीद-फरोख्त में जबरदस्त तेजी देखी गई। आज 22 लाख से ज्यादा शेयरों का लेन-देन हुआ और शेयर 258.87 रुपये के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। सुबह 10:36 बजे तक शेयर 248.66 रुपये पर कारोबार कर रहा था। इस उत्साह के कारण कंपनी का बाजार मूल्यांकन भी बढ़कर करीब 12.71 अरब रुपये हो गया।
एक साल में 16 फीसदी गिरे शेयर
नए मिले पेटेंट में ऐसे कंपाउंड्स शामिल हैं, जो V-ATPase की एक्टिविटी को रोकते हैं। ये कंपाउंड्स एंटीवायरल दवाएं बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भले ही पिछले एक साल में कंपनी के शेयर 14 फीसदी से ज्यादा गिर गए थे, लेकिन इस नई उपलब्धि ने गोदावरी बायोरेफाइनरीज को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। यह कंपनी भारत के शुगर और इथेनॉल सेक्टर में एक खास पहचान रखती है।