स्नैपडील की मूल कंपनी के शेयर बंपर मांग के बावजूद 11 फीसदी से ज्यादा लुढ़के
स्नैपडील की मूल कंपनी ऐसवेक्टर के लिए शेयर बाजार में पहला दिन ठीक नहीं रहा। कंपनी के शेयर अपने आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) मूल्य से 11 प्रतिशत से भी ज्यादा गिरकर खुले। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 28.32 रुपये पर हुई और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 28.30 रुपये पर इनकी लिस्टिंग हुई।
हालांकि, इस गिरावट के बावजूद भी पिछले सप्ताह इस IPO को जबरदस्त मांग मिली थी। गैर-संस्थागत निवेशकों की तरफ से इसे 5 गुना से भी ज्यादा सब्सक्राइब किया गया था।
ऐसवेक्टर ने जुटाए 420 करोड़ रुपये
ऐसवेक्टर के IPO का दाम प्रति शेयर 30 से 32 रुपये के बीच तय किया गया था। कंपनी ने अपने कारोबार और मार्केटिंग को बढ़ाने के लिए इससे 420 करोड़ रुपये जुटाए।
इनमें से 132 करोड़ रुपये को खास तौर पर अपने मार्केटप्लेस बिजनेस के मार्केटिंग और प्रमोशन पर खर्च करने के लिए रखा गया है। सॉफ्टबैंक के स्टारफिश जैसी बड़ी कंपनियों ने ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए अपने कुछ शेयर बेच दिए।
वित्तीय मोर्चे पर देखें तो ऐसवेक्टर वित्त वर्ष 2026 में अपने नुकसान को कम करने में सफल रही। साथ ही कंपनी ने अपने राजस्व में करीब 30 फीसदी का इजाफा भी दर्ज किया। यह दलाल स्ट्रीट पर खराब शुरुआत के बावजूद कंपनी में कुछ सकारात्मक माहौल का संकेत देता है।