शेयर बाजार में सुबह-सुबह 900 अंक उछला सेंसेक्स, क्या है तेजी की वजह?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज (2 नवंबर) सुबह-सुबह तेजी देखने को मिल रही है। बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद सेंसेक्स में 900 अंकों की तेजी दर्ज हुई। सुबह 10:15 बजे के करीब सेंसेक्स 957 अंक चढ़कर 75,416 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 253 अंकों की तेजी के साथ 23,306 अंकों पर बना हुआ था। बाजार में इस बढ़त के पीछे कई वजहें हैं, जिनमें रिलायंस के शेयरों में खरीदारी भी शामिल है।
#1
रिलायंस के शेयरों में तेजी से बाजार को मिला सहारा
शेयर बाजार में तेजी की एक बड़ी वजह रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में जोरदार खरीदारी है।
कंपनी के शेयर करीब 6 प्रतिशत तक चढ़ गए। सितंबर तिमाही में कंपनी ने उम्मीद से बेहतर मुनाफा दर्ज किया है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा। रिलायंस के शेयर निफ्टी में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में शामिल रहे।
कंपनी के शेयरों में आई तेजी का असर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों पर देखने को मिल रहा है।
#2
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से निवेशकों को राहत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट ने भी भारतीय बाजार को मजबूती दी है।
शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड का भाव 6 महीने के सबसे ऊंचे स्तर 118 डॉलर प्रति बैरल से गिरकर करीब 110 डॉलर पर आ गया। ईरान युद्ध खत्म करने को लेकर बातचीत आगे बढ़ने से तेल की कीमतों में नरमी आई है।
कच्चा तेल सस्ता होने से भारत को राहत मिल सकती है, क्योंकि देश अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है।
#3
विदेशी निवेशकों की खरीदारी से बाजार को मिला सहारा
शेयर बाजार में तेजी के पीछे विदेशी निवेशकों की खरीदारी भी एक अहम वजह रही।
विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में करीब 3,598 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। इससे बाजार में निवेशकों का भरोसा बढ़ा और खरीदारी को समर्थन मिला।
हालांकि, बाजार में आगे उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। निफ्टी के लिए 23,225 का स्तर अहम माना जा रहा है। इसके ऊपर मजबूती से बने रहने पर बाजार में तेजी जारी रह सकती है।