शेयर बाजार में 6 प्रतिशत लुढ़के के पेटीएम शेयर, RBI की कार्रवाई के बाद गिरावट
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज (27 अप्रैल) पेटीएम के शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। शुरुआती कारोबार में कंपनी का स्टॉक तेजी से नीचे आया और करीब 6 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर लगभग 1,077 रुपये पर ट्रेड करने लगा। निवेशकों में इस खबर के बाद बेचैनी देखी गई और शेयर पर दबाव बना हुआ है। बाजार में यह गिरावट सीधे तौर पर हाल ही में आए एक बड़े फैसले के कारण देखने को मिली है।
असर
RBI के फैसले का सीधा असर
यह गिरावट भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा पेटीएम पेमेंट्स बैंक का बैंकिंग लाइसेंस रद्द करने के बाद आई है। इस फैसले से बैंकिंग यूनिट के दोबारा शुरू होने की संभावना लगभग खत्म हो गई है। पहले से लगी पाबंदियों के बाद यह अंतिम कदम माना जा रहा है। निवेशकों ने इस खबर पर तुरंत प्रतिक्रिया दी, जिससे शेयर में तेज गिरावट आई और बाजार में नकारात्मक माहौल बन गया।
पाबंदियां
पहले से चल रही थीं पाबंदियां
पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर जनवरी, 2024 से ही RBI की तरफ से कई तरह की पाबंदियां लगी हुई थीं। बैंक को नए डिपॉजिट लेने से रोका गया था और उसके ऑपरेशन धीरे-धीरे सीमित किए जा रहे थे। इन कदमों के कारण बैंक का कामकाज पहले ही काफी प्रभावित हो चुका था। अब लाइसेंस रद्द होने के बाद बैंक के रूप में काम करने की इसकी क्षमता पूरी तरह खत्म हो गई है।
बयान
कंपनी का बयान और आगे की स्थिति
कंपनी ने कहा है कि इस फैसले का उसके शॉर्ट-टर्म कमाई पर कोई बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। इसका कारण यह है कि पेमेंट्स बैंक का काम पहले ही लगभग बंद हो चुका था और कई सेवाएं पार्टनर मॉडल पर शिफ्ट कर दी गई थीं। हालांकि, बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है और निवेशक आगे की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, जिससे शेयर में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।