शेयर बाजार में सुबह-सुबह 800 अंक उछला सेंसेक्स, क्या है तेजी की वजह?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज (9 अक्टूबर) सुबह से ही तेजी देखने को मिल रही है। बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद सेंसेक्स में 800 अंकों तक तेजी दर्ज हुई। सुबह 10:30 बजे सेंसेक्स 782 अंक चढ़कर 72,375 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 50 भी 260 अंक उछलकर 22,489 पर बना हुआ था। पिछले 2 कारोबारी सत्रों में भारी गिरावट के बाद बाजार में यह सुधार देखने को मिल रहा है।
#1
TCS समेत IT शेयरों में खरीदारी
बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह IT शेयरों में खरीदारी रही।
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद इसके शेयरों में करीब 5 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई। कंपनी के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से होने वाले कारोबार में बढ़ोतरी और अंतरराष्ट्रीय कारोबार में सुधार से निवेशकों का भरोसा बढ़ा।
इसका असर दूसरी IT कंपनियों पर भी दिखा। निफ्टी IT इंडेक्स 3 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गया।
#2
ईरान पर हमले की चिंता घटी
बाजार को अंतरराष्ट्रीय तनाव कम होने की उम्मीद से भी सहारा मिला।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद निवेशकों को लगा कि ईरान पर सैन्य कार्रवाई की आशंका फिलहाल टल सकती है। इससे बाजार में चिंता कम हुई। वहीं, कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई।
ब्रेंट क्रूड करीब 1.11 प्रतिशत टूटकर 103 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए सस्ता तेल राहत दे सकता है।
#3
वैश्विक बाजारों से मिला सहारा
भारतीय बाजार को एशियाई शेयर बाजारों में तेजी और अमेरिकी शेयर वायदा में बढ़त से भी समर्थन मिला।
इसके साथ ही रुपये में सुधार देखने को मिला। पिछले सत्रों में भारी बिकवाली के बाद सेंसेक्स और निफ्टी में तकनीकी सुधार भी दर्ज हुआ। बाजार में उतार-चढ़ाव का संकेत देने वाला इंडिया VIX करीब 4 प्रतिशत गिरकर 14.68 पर आ गया।
हालांकि, हाल की बड़ी गिरावट के बाद बाजार की आगे की चाल पर निवेशकों की नजर बनी हुई है।