बैंकों-मेटल शेयरों में तेजी से शेयर बाजार में लौटी रौनक
सोमवार (5 अक्टूबर) को शुरुआती कारोबार में भारतीय शेयर बाजार ने बढ़त के साथ शुरुआत की। सेंसेक्स 476.44 अंक की छलांग लगाकर 72,386.14 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी 107 अंक बढ़कर 22,528.95 पर आ गया।
इस उछाल की मुख्य वजह बैंकिंग और धातु कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी रही। सरकारी बैंकों ने खास कमाल दिखाया और निफ्टी सार्वजनिक क्षेत्र (PSU) बैंक इंडेक्स 1.98 फीसदी चढ़ा, जबकि निफ्टी बैंक में 1.2 फीसदी की बढ़त हुई। अलग-अलग बैंकिंग शेयरों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। एक्सिस बैंक में 1.54 फीसदी, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में 1.21 फीसदी, HDFC बैंक में 0.89 फीसदी और ICICI बैंक में 0.95 फीसदी की बढ़त देखी गई। फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों का प्रदर्शन भी मजबूत रहा और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स 1.2 फीसदी ऊपर चढ़ा। धातु सेक्टर के शेयर भी कुछ पीछे नहीं रहे और उनमें भी अच्छी तेज़ी देखने को मिली।
IT कंपनियों को मिली बढ़त
शुरुआत में बाजार के मुकाबले पीछे रहने वाले IT शेयरों में सुबह 9:49 बजे तेजी देखी गई। बड़ी IT कंपनियों में बढ़त के कारण निफ्टी IT इंडेक्स 1.43 फीसदी ऊपर रहा। TCS के शेयरों में 2.32 फीसदी की उछाल आई, जबकि टेक महिंद्रा में 0.97 फीसदी की बढ़त हुई। इंफोसिस में मामूली 0.13 फीसदी की तेजी रही। हालांकि, HCL टेक पर दबाव बना रहा और इसके शेयरों में 0.59 फीसदी की गिरावट आई। ऑटो और फार्मा के शेयर भी हल्के से नीचे गिरे।