गुरुवार (19 नवंबर) को भारतीय शेयर बाजार में उत्साह का माहौल दिखा। सेंसेक्स 150 अंक चढ़कर 82,180 पर जा पहुंचा, वहीं निफ्टी ने भी 25,250 का आंकड़ा पार कर लिया।
इस तेजी में मारुति सुजुकी के शेयर सबसे आगे रहे, जिसमें 5 फीसदी से ज्यादा की उछाल आई। महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) भी पीछे नहीं रहा, उसके शेयर भी 4 फीसदी से ज्यादा मजबूत हुए।
निफ्टी ऑटो इंडेक्स 3 फीसदी से ज्यादा उछला
आज के कारोबार में ऑटो सेक्टर के शेयर सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहे। निफ्टी ऑटो इंडेक्स 3 फीसदी से ज्यादा चढ़ गया। निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और निफ्टी PSU बैंक भी करीब 2 फीसदी मजबूत हुए।
दूसरी ओर, इंफोसिस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) जैसी बड़ी IT कंपनियों के शेयर करीब 3 फीसदी नीचे गिरे।
विदेशी निवेशकों ने इस महीने अब तक रिकॉर्ड 94,299 करोड़ रुपये का निवेश किया है। बाजार के जानकारों का मानना है कि इसी वजह से बाजार का माहौल सकारात्मक बना हुआ है।
हालांकि, विश्लेषक इस बात पर नजर रख रहे हैं कि निफ्टी 25,400 के अहम स्तर से ऊपर टिका रह पाता है या नहीं। अगर, ऐसा नहीं हुआ तो आगे बाजार में गिरावट देखने को मिल सकती है।