विदेशी निवेश की बदौलत 3 दिन में सेंसेक्स 2,900 अंक चढ़ा
सेंसेक्स ने पिछले 3 दिनों में करीब 2,900 अंकों की जबरदस्त वापसी की है। इस बड़ी छलांग की मुख्य वजह विदेशी निवेशकों द्वारा भारतीय शेयरों में फिर से पैसा लगाना है।
उनके निवेश से बाजार में रौनक लौट आई है और बड़ी कंपनियों के शेयरों में भी तेजी देखने को मिली है।
करीब 14,725 करोड़ रुपये का हुआ निवेश
विदेशी संस्थागत निवेशक (FIIs) वर्तमान में खूब खरीदारी कर रहे हैं। 3 नवंबर को उन्होंने करीब 6,837 करोड़ रुपये का निवेश किया।
असल में पिछले कुछ सप्ताह में FIIs ने कुल मिलाकर करीब 14,725 करोड़ रुपये लगाए हैं। पैसे का यह लगातार प्रवाह पहले हुए नुकसान की भरपाई करने में अहम् भूमिका निभा रहा है।
साथ ही कंपनियों की अच्छी कमाई और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जैसी अच्छी खबरें भी बाजार के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रही हैं।
FIIs ने बदला अपना रुख
जियोजित इंवेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ वीके विजयकुमार ने बताया, "अभी बाजार के माहौल में साफ तौर पर बदलाव दिख रहा है। इससे बाजार का ढांचा भी बदल गया है। बाजार का मिजाज बदलने का मुख्य कारण भारत के प्रति FIIs के रुख में अचानक आया बदलाव है।"
जब तक FIIs निवेश करना जारी रखते हैं और घरेलू निवेशकों का भरोसा बना रहता है, तब तक बाजार में और तेजी देखने को मिल सकती है। बता दें कि 3 नवंबर को सेंसेक्स 1,225.07 अंक बढ़कर बंद हुआ था।