शेयर बाजार में सेंसेक्स 700 अंक उछला, क्या है तेजी की वजह?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज (20 नवंबर) शुरुआती गिरावट के बाद जोरदार सुधार देखने को मिल रहा है। सेंसेक्स और निफ्टी दिन के निचले स्तर से उबरकर करीब 0.9 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। दोपहर 1:01 बजे सेंसेक्स 712 अंक चढ़कर 83,733 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 205 अंक की तेजी के साथ 25,719 पर था। इस दौरान बैंक और IT शेयरों में खरीदारी ने बाजार को सहारा दिया है।
#1
IT शेयरों में खरीदारी से बाजार को मिला सहारा
आज शेयर बाजार में तेजी की एक बड़ी वजह IT कंपनियों के शेयरों में हुई खरीदारी रही है।
IT इंडेक्स करीब 2.3 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा था। टेक महिंद्रा, इंफोसिस, HCL टेक और TCS के शेयरों में 1 से 1.7 फीसदी तक की बढ़त दर्ज की गई।
वैश्विक बाजारों में तकनीकी शेयरों की कमजोरी के बावजूद भारतीय IT कंपनियों में निवेशकों ने दिलचस्पी दिखाई। इन शेयरों की तेजी से निफ्टी को भी मजबूती मिली।
#2
विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी से बढ़ा भरोसा
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार खरीदारी ने भी बाजार को मजबूती दी।
19 नवंबर को उन्होंने लगातार आठवें कारोबारी सत्र में शेयर खरीदे और करीब 7,411 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,356 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों का पैसा खासतौर पर बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों में आ रहा है। इससे बाजार में खरीदारी का माहौल बना हुआ है।
#3
बैंकिंग शेयरों में तेजी और तकनीकी स्तरों ने संभाला बाजार
बैंकिंग शेयरों में मजबूत खरीदारी भी बाजार की तेजी की अहम वजह रही है।
बैंक निफ्टी करीब 2 फीसदी चढ़कर पहली बार 64,400 के स्तर पर पहुंच गया। इंडसइंड बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों में अच्छी बढ़त दर्ज की गई।
तकनीकी विश्लेषकों के मुताबिक, निफ्टी के लिए 25,200 से 25,250 का स्तर अहम सहारा है। इस स्तर पर खरीदारी आने से गिरावट का दबाव कम हुआ और बाजार में सुधार देखने को मिला है।