Loading...
सेंसेक्स 1,000 अंक उछला, क्या है आज शेयर बाजार में तेजी की वजह?
शेयर बाजार में आज (3 नवंबर) भी बड़ी बढ़त देखने को मिल रही है

सेंसेक्स 1,000 अंक उछला, क्या है आज शेयर बाजार में तेजी की वजह?

Nov 03, 2026
01:49 pm

क्या है खबर?

भारतीय शेयर बाजार में आज (3 नवंबर) भी बड़ी बढ़त देखने को मिल रही है। आज दोपहर में सेंसेक्स 1,000 अंकों से अधिक की तेजी के साथ कारोबार कर रहा था। दोपहर 01:20 बजे सेंसेक्स 996 अंकों की बढ़त के साथ 76,689 अंक पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 273 अंक चढ़कर 23,715 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार में लगातार चौथे कारोबारी दिन तेजी बनी हुई है।

#1

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से बाजार को राहत

शेयर बाजार में तेजी की एक बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट है।

पिछले कारोबारी सत्र में ब्रेंट क्रूड के दाम करीब 7 फीसदी टूटे थे और अब यह 105 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत आगे बढ़ने की उम्मीद से युद्ध खत्म होने की संभावना बढ़ी है।

इससे होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते तेल और गैस की आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद भी जगी है।

#2

विदेशी निवेशकों की खरीदारी से बाजार को मिला सहारा

भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की वापसी से भी तेजी को समर्थन मिला है।

सोमवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने भारतीय बाजार में 3,114.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इसके अलावा, डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत में भी सुधार देखने को मिला। रुपया 12 पैसे मजबूत होकर 94.72 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

कच्चे तेल के सस्ता होने और विदेशी निवेश आने से बाजार में निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।

ADVERTISEMENT

#3

कंपनियों के अच्छे नतीजों से शेयरों में खरीदारी

कंपनियों के सितंबर तिमाही के अच्छे नतीजों ने भी बाजार में तेजी को बढ़ावा दिया है। बेहतर मुनाफे की खबर के बाद मैरिको के शेयर 4.5 फीसदी चढ़े।

वहीं, KRBL और ट्राइडेंट में 9.4 फीसदी की तेजी आई। VRL लॉजिस्टिक्स के शेयर भी करीब 13 फीसदी उछल गए।

इसके अलावा, बाजार के ज्यादातर प्रमुख क्षेत्रों में खरीदारी देखने को मिली। फार्मा को छोड़कर सभी बड़े क्षेत्रीय सूचकांक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

ADVERTISEMENT