
शेयर बाजार में 900 अंक से ज्यादा उछला सेंसेक्स, क्या है तेजी की वजह?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज (23 मई) जोरदार तेजी देखने को मिल रही है।
कारोबारी दिन की शुरुआत के बाद सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा उछला, जबकि निफ्टी 1 प्रतिशत से अधिक चढ़कर 24,900 के करीब पहुंच गया।
यह तेजी ऐसे समय में आई है जब बाजार हाल ही में 600 अंकों की गिरावट से जूझ रहा था। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी आधे प्रतिशत तक की बढ़त देखी गई है, जिससे बाजार में सकारात्मक माहौल बना है।
घरेलू वजह
घरेलू कारणों से आई तेजी
भारतीय शेयर बाजार में आज तेजी मुख्य रूप से घरेलू निवेशकों की खरीदारी की वजह से आई। बाजार में गिरावट के बाद निवेशकों ने दोबारा खरीद शुरू की, जिससे इंडेक्स ऊपर चढ़ा।
हालांकि, कोई नया बड़ा सकारात्मक संकेत नहीं था, फिर भी लोग 'गिरावट पर खरीद' की रणनीति अपना रहे हैं।
डॉलर में कमजोरी और विदेशी निवेशकों की रुचि से भी बाजार को सहारा मिला, जिससे कुछ देर के लिए तेजी देखने को मिली।
वैश्विक वजह
वैश्विक संकेत और अनिश्चितता का असर
बाजार की यह तेजी पूरी तरह स्थायी नहीं दिख रही है, क्योंकि वैश्विक स्तर पर अभी कई अनिश्चितताएं बनी हुई हैं।
अमेरिका की आर्थिक स्थिति, डॉलर में उतार-चढ़ाव और वैश्विक व्यापार वार्ता जैसे मसलों से बाजार दिशा खोजने में झूलता रहा।
निवेशक जून तिमाही के नतीजों और मानसून की स्थिति का इंतजार कर रहे हैं। शॉर्ट कवरिंग और तरलता की वजह से ही बाजार में थोड़ी तेजी देखने को मिली है।
दृष्टिकोण
दीर्घकालिक दृष्टिकोण अब भी सकारात्मक
मॉर्गन स्टेनली जैसे वैश्विक संस्थानों का मानना है कि भारत की आर्थिक स्थिति लंबे समय के लिए मजबूत है। उन्होंने जून,, 2026 तक सेंसेक्स के 89,000 तक पहुंचने की संभावना जताई है।
हालांकि, थोड़े समय के लिए उतार-चढ़ाव भरे माहौल रह सकते हैं, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार निवेशकों को अच्छे शेयरों में गिरावट के दौरान निवेश करना चाहिए।
मजबूत आय, स्थिर विकास और घटती मुद्रास्फीति लंबे समय के लिए सकारात्मक संकेत दे रही है।