भारतीय शेयर बाजार में लगातार चौथे सप्ताह गिरावट, सेंसेक्स 250 अंक गिरा
सोमवार (7 सितंबर) को शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला। सेंसेक्स 250 से ज्यादा अंकों की गिरावट के साथ 76,251 पर आ गया, जबकि निफ्टी भी 23,818 तक लुढ़क गया।
मिडकैप शेयरों में जहां मामूली तेजी दिखी, वहीं स्मॉलकैप शेयर नकारात्मक दायरे में बने रहे। यह लगातार चौथा सप्ताह है, जब बाजारों में गिरावट देखी गई है। बढ़ती तेल की कीमतें और दुनियाभर में फैला तनाव इसकी मुख्य वजह हैं।
IT शेयर 2 फीसदी तक लुढ़के
IT सेक्टर की प्रमुख कंपनियों में नरमी देखी गई। इंफोसिस, HCL टेक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) जैसी IT कंपनियों के शेयर 2 प्रतिशत तक गिरे, जबकि बजाज फाइनेंस और भारती एयरटेल के शेयरों में हल्की बढ़त देखने को मिली।
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतें लगातार ऊपर चढ़ रही हैं, जिससे बाजारों पर और दबाव पड़ रहा है। इसके अलावा, इस सप्ताह शेयर बाजार में 11 नए आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) आ रहे हैं। इसकी वजह से निवेशक पुराने शेयरों से पैसा निकालकर इन नए IPO में लगा रहे हैं। इस महीने शेयर बाजार में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और जियो के बड़े IPO आने की भी उम्मीद है।
दूसरी तरफ, अमेरिका में मजबूत रोजगार के आंकड़ों ने भी चिंता बढ़ा दी है। इससे संकेत मिलता है कि वहां जल्द ही ब्याज दरें बढ़ सकती हैं। इस स्थिति से भारत के साथ-साथ दुनियाभर के बाजारों पर भी और दबाव बढ़ने की आशंका है।