LOADING...
अलीबाबा के क्वेन AI मॉडल टीम से तकनीकी प्रमुख ने दिया इस्तीफा
क्वेन AI मॉडल टीम से तकनीकी प्रमुख ने दिया इस्तीफा

अलीबाबा के क्वेन AI मॉडल टीम से तकनीकी प्रमुख ने दिया इस्तीफा

Mar 04, 2026
01:45 pm

क्या है खबर?

चीन की टेक कंपनी अलीबाबा के क्वेन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रोजेक्ट को बड़ा झटका लगा है। इस प्रोजेक्ट के प्रमुख तकनीकी लीडर जुनयांग लिन ने टीम छोड़ने की घोषणा कर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि वह अब क्वेन प्रोजेक्ट से हट रहे हैं। हालांकि, उन्होंने इसके पीछे की वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। उनके अचानक जाने से कंपनी और AI इंडस्ट्री में काफी चर्चा शुरू हो गई है।

अनुभव

कई सालों से कंपनी से जुड़े थे लिन

लिन जुलाई, 2019 में अलीबाबा कंपनी से जुड़े थे। इसके बाद अप्रैल, 2023 में उन्हें क्वेन AI टीम का हिस्सा बनाया गया था। इस प्रोजेक्ट में उनकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण मानी जाती थी। लिन ने टीम के साथ मिलकर कई बड़े AI मॉडल विकसित करने में योगदान दिया। इसी कारण उनके अचानक टीम छोड़ने से सहयोगियों और तकनीकी विशेषज्ञों के बीच हैरानी और चिंता का माहौल देखा जा रहा है।

पहचान

क्वेन AI मॉडल की बढ़ती पहचान

अलीबाबा का क्वेन मॉडल चीन के प्रमुख ओपन-वेट AI प्रोजेक्ट्स में से एक बन चुका है। कंपनी ने हाल ही में क्वेन 3.5 के छोटे मॉडल भी पेश किए हैं। इनमें 0.8B, 2B, 4B और 9B पैरामीटर वाले चार मॉडल शामिल हैं। कंपनी के अनुसार इन मॉडल्स को मोबाइल और छोटे डिवाइस पर इस्तेमाल के लिए डिजाइन किया गया है। हाल के परीक्षणों में इन AI मॉडल्स ने कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के सिस्टम को कड़ी टक्कर दी है।

Advertisement

नुकसान

सहयोगियों ने बताया बड़ा नुकसान

लिन के जाने के बाद क्वेन टीम के कई सदस्यों और इंडस्ट्री विशेषज्ञों ने प्रतिक्रिया दी है। कुछ लोगों ने इसे प्रोजेक्ट के लिए बड़ा नुकसान बताया है। कई सहयोगियों ने कहा कि लिन ने क्वेन प्रोजेक्ट को वैश्विक डेवलपर समुदाय से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अभी यह साफ नहीं है कि उन्होंने कंपनी क्यों छोड़ी। अलीबाबा की ओर से भी इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Advertisement