सेमीकॉन इंडिया 2026: सेमीकंडक्टर क्षेत्र काे मजबूत बनाने के लिए हुई 25 साझेदारियां
सेमीकॉन इंडिया 2026 ने हाल ही में देश के सेमीकंडक्टर क्षेत्र को और मजबूत करने के लिए 25 नई साझेदारियों की घोषणा की है।
इन समझौतों में निर्माण, सामान ढोने की व्यवस्था और कौशल विकास जैसे कई अहम क्षेत्र शामिल हैं। इसमें जापान और सिंगापुर की कंपनियों सहित वैश्विक दिग्गजों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिक मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि बिजनेस-टू-बिजनेस स्तर पर कंपनियों के बीच काफी मजबूत जुड़ाव देखने को मिला है और बिजनेस मीटिंग्स के दौरान कई अहम समझौते किए गए।
सामग्री देश में बनाने के लिए हुई साझेदारी
टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स चिप बनाने के लिए जरूरी खास सामग्री को देश में ही बनाने और एडवांस टेक्नोलॉजी लाने के मकसद से आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स, सुमितोमो केमिकल, केलिंग्टन इंजीनियरिंग और जापान की एनोमोटो के साथ मिलकर काम कर रही है।
वहीं, L&T सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजीज, वर्चुअल फॉरेस्ट के साथ मिलकर एयर कंडीशनिंग और सोलर पावर से चलने वाले सिस्टम के लिए पावर इलेक्ट्रॉनिक्स सॉल्यूशन पर ध्यान दे रही है। इसके अलावा, यह कंपनी न्यूवेन सिस्टम्स के साथ मिलकर रिन्यूएबल एनर्जी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डाटा सेंटर के लिए सिलिकॉन कार्बाइड पावर मॉड्यूल भी बना रही है।
भारत के सेमीकंडक्टर मिशन ने निप्पॉन एक्सप्रेस होल्डिंग्स के साथ भी हाथ मिलाया है, ताकि सप्लाई चेन लॉजिस्टिक्स को और बेहतर बनाया जा सके, जिससे इस उद्योग को तेजी से आगे बढ़ने में आसानी हो।