SEBI ने दिया म्यूचुअल फंड SIP वेतन से काटने का प्रस्ताव
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने एक नया प्रस्ताव रखा है, जिसके तहत कंपनियां सीधे कर्मचारियों के वेतन से म्यूचुअल फंड SIP की रकम काट सकेंगी।
यह बिल्कुल वैसे ही होगा, जैसे कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) या नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के लिए कटौती होती है। इसका मुख्य उद्देश्य निवेश को बेहद आसान बनाना है, खासकर उन लोगों के लिए, जो अभी निवेश की शुरुआत कर रहे हैं और इसे जारी रखना चाहते हैं।
हालांकि, निवेशकों को इस बात की चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह पूरी तरह से स्वैच्छिक होगा। किसी भी कटौती से पहले कर्मचारी को अपनी स्पष्ट सहमति देनी अनिवार्य होगी।
SEBI सुरक्षा उपायों पर मांगा सुझाव
निवेशकों के हितों की सुरक्षा के लिए SEBI ने अपनी योजना में कई कड़े सुरक्षा उपाय प्रस्तावित किए हैं। इनमें संपूर्ण दस्तावेजों का रखरखाव, हर लेन-देन का लेखा-जोखा और KYC जांच जैसी चीजें शामिल हैं।
यह पैसा सीधे नियोक्ता से म्यूचुअल फंड कंपनी के पास पहुंचेगा, वहीं अगर, निवेशक पैसे निकालते हैं तो वे हमेशा उनके सत्यापित बैंक खाते में ही जमा होंगे।
नियामक ने इस प्रस्ताव पर आम जनता से सुझाव मांगे हैं, जिस पर 10 जून तक अपनी राय दी जा सकती है। साफ है कि जनता की राय के आधार पर इस योजना में कुछ बदलाव भी किए जा सकते हैं।