SEBI की पूंजी बाजार में AI पर लगाम लगाने की तैयारी, रोबोट नहीं इंसान लेंगे फैसले
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) भारत के पूंजी बाजारों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल के लिए नए नियम लाने जा रहा है, ताकि निवेशक सुरक्षित रहें और कंपनियां ईमानदारी से काम करें।
इन नियमों में एक खास बात यह होगी कि पैसे से जुड़े बड़े फैसले इंसानों की देखरेख में लिए जाएंगे। इससे यह तय होगा कि कोई भी रोबोट निवेशकों के पैसे के साथ अपनी मनमर्जी नहीं कर पाएगा।
साइबर सुरक्षा और लिस्टिंग को लेकर भी हैं योजनाएं
SEBI के प्रमुख तुहिन कांता पांडे ने बताया है कि ये नए नियम टेक्नोलॉजी की नई खोजों और निवेशकों की सुरक्षा के बीच तालमेल बैठाने के लिए हैं।
AI से जुड़े इन कदमों के अलावा नियामक अपनी साइबर सुरक्षा को मजबूत कर रहा है। वह एक खास सिस्टम भी बना रहा है, जिससे किसी भी साइबर हमले पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
इसके साथ ही वो यह भी देख रहा है कि उनकी सुरक्षा व्यवस्था क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे भविष्य के बड़े खतरों से निपटने में कितनी तैयार है। यही नहीं SEBI डीप टेक और बायोटेक स्टार्टअप कंपनियों के लिए शेयर बाजार में लिस्ट होना आसान बना रहा है, ताकि वे जल्दी बाजार में पैसा जुटा सकें।