SEBI की कार्रवाई से जी एंटरटेनमेंट के शेयरों में 2 साल में सबसे बड़ी गिरावट
सोमवार (3 अगस्त) को जी एंटरटेनमेंट (ZEEL) के शेयरों में 12 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई, जो पिछले 2 सालों में सबसे बड़ी गिरावट है।
यह गिरावट भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) की ओर से ZEEL को 2 महीने के लिए प्रतिभूति बाजार में कारोबार करने से रोके जाने के बाद आई है।
SEBI ने अपनी जांच में पाया कि ZEEL की हैदराबाद स्थित संपत्ति का इस्तेमाल एस्सेल ग्रुप की दूसरी कंपनियों को बिना बोर्ड की मंजूरी के 726 करोड़ रुपये का कर्ज दिलवाने के लिए किया गया था।
इसी अनियमितता के चलते प्रमोटर पुनीत गोयनका और सुभाष चंद्रा पर भी एक साल की पाबंदी लगा दी गई है।
वारंट इश्यू पर भी लगाई रोक
ZEEL की 3,143.5 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है, जिसके तहत 24.95 करोड़ प्रेफेरेंशियल वारंट इश्यू करने थे, उसे भी फिलहाल रोक दिया गया है। यह फैसला तब आया है, जब अधिकांश शेयरधारकों ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी।
कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि SEBI की पाबंदी हटने तक यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाएगी। हालांकि, इस सबके बावजूद शेयर बाजार के विश्लेषकों का नजरिया कंपनी के लिए सकारात्मक बना हुआ है।
CLSA ने ZEEL में अभी भी क्षमता देखी है और अपनी 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग बनाए रखते हुए 125 रुपये का लक्ष्य दिया है, वहीं कोटक ने इसे 'ऐड' में अपग्रेड कर दिया है। उनका कहना है कि जी का म्यूजिक बिजनेस उनके लिए एक उज्ज्वल संभावना हो सकती है। ZEEL के शेयर 105 रुपये पर 8.2 फीसदी की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे थे।