SEBI ने जेप्टो के IPO को दी हरी झंडी, 12,000 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने जेप्टो के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) को मंजूरी दे दी है। हालांकि, शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से पहले ही उसके शेयरों में बड़ी गिरावट देखी गई है।
पिछले एक महीने में इसके अनलिस्टेड शेयर 30 फीसदी गिर गए हैं, जो 52 रुपये से सीधे 40 रुपये पर आ गए हैं। यह भारी गिरावट निवेशकों की चिंता और घबराहट साफ तौर पर दर्शाती है, क्योंकि बाजार में अभी भी काफी उतार-चढ़ाव बना हुआ है और IPO से पहले कंपनियों के मूल्यांकन में भी गिरावट आ रही है।
IPO से पहले कई चुनाैतियां
जेप्टो अपने IPO के जरिए 12,000 करोड़ रुपये तक जुटाने की तैयारी में है। कंपनी को उम्मीद है कि यह IPO जुलाई से सितंबर के बीच आ सकता है। हालांकि, कंपनी के लिए यह राह आसान बिलकुल नहीं होगी।
दुनियाभर में जारी तनाव और फंडिंग की कमी के चलते शेयर बाजार में फिलहाल कमजोरी बनी हुई है। साथ ही, जेप्टो को ब्लिंकिट और स्विगी इंस्टामार्ट जैसी दिग्गज कंपनियों से कड़ी टक्कर मिल रही है, जिनके पास जेप्टो से ज्यादा वित्तीय ताकत है और वे अपने बिजनेस को बढ़ाने के लिए खूब पैसा खर्च कर रहे हैं।
ऐसे में सभी की निगाहें इसके IPO पर टिकी हैं कि क्या वह इन तमाम चुनौतियों के बावजूद निवेशकों का विश्वास हासिल कर पाएगी।