भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने अप्रवासी भारतीयों (NRIs), भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों (OCIs) और कुछ विदेशी नागरिकों के लिए भारत में निवेश करना अब काफी सरल बना दिया है।
ये लोग 3 दिसंबर से विदेश में रहते हुए भी अपनी नो योर कस्टमर (KYC) प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर पाएंगे। वे अपने विदेश के पते को प्रमाण के तौर पर इस्तेमाल कर सकेंगे और अपने पैन नंबर को भी आसानी से सत्यापित कर पाएंगे।
अगर, कोई व्यक्ति ऐसे देश में है, जो फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) के मानकों का पालन करता है तो उसे इस काम के लिए भारत आने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी, यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल तरीके से ही हो जाएगी।
मध्यस्थ KYC का दोबारा कर सकेंगे इस्तेमाल
बाजार के मध्यस्थ आपके मौजूदा KYC रिकॉर्ड को किसी दूसरे SEBI रजिस्टर्ड मध्यस्थ से दोबारा इस्तेमाल कर पाएंगे। वे पैन कार्ड की जानकारी को सीधे आयकर डाटाबेस से भी पुष्टि कर सकेंगे।
अगर, कोई व्यक्ति खुद मौजूद नहीं हो पाता है तो वीडियो इन-पर्सन वेरिफिकेशन (VIPV) का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
इन नियमों में ढील देने के बावजूद SEBI चाहता है कि मध्यस्थ सत्यापन को मजबूत बनाए रखें। इससे सुरक्षा बनी रहेगी और साथ ही दुनियाभर के निवेशकों के लिए भारत में निवेश करना कहीं ज्यादा सुलभ हो जाएगा।