SBI ने फर्जी भर्ती विज्ञापनों को लेकर दी चेतावनी, बचने के लिए दी सलाह
क्या है खबर?
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने ग्राहकों को सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बैंक की पहचान का दुरुपयोग करने वाले फर्जी पेजों, हैंडल्स और व्यक्तियों की बढ़ती संख्या के प्रति सचेत किया है। बैंक ने कहा कि इन पर SBI से जुड़े होने का झूठा दावा करते हुए फर्जी भर्ती के अवसर और गारंटीशुदा नियुक्तियों का प्रचार कर रही हैं। उसने लोगों से सतर्क रहने और बैंक से जुड़े मैसेज को सत्यापित करने का आग्रह किया है।
धोखाधड़ी
इस तरह से की जा रही धोखाधड़ी
बैंक ने स्पष्ट किया कि इन विज्ञापनों में अक्सर SBI के लोगो और ब्रांडिंग के साथ-साथ फर्जी प्रोफाइल का इस्तेमाल किया जाता है, ताकि नौकरी चाहने वालों के बीच वैधता और विश्वास की झूठी भावना पैदा की जा सके। उसने भर्ती की गारंटी या विशेष पहुंच से संबंधित सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उसने चेतावनी दी कि किसी भी प्लेटफॉर्म पर SBI खुद को वर्तमान या पूर्व कर्मचारी बताकर धोखाधड़ी करना दंडनीय अपराध है।
सलाह
बैंक ने दी यह सलाह
बैंक ने कहा, "SBI न तो भर्ती संबंधी कोई सलाह देता है और न ही नियुक्ति की गारंटी देता है, न ही किसी व्यक्ति या संस्था को ऐसा करने के लिए अधिकृत किया है।" इसके अलावा, लोगों को अनाधिकृत विज्ञापनों या बैंक से संबंध होने का दावा करने वाले व्यक्तियों से दूर रहने और किसी भी मैसेज की पुष्टि उसकी आधिकारिक वेबसाइट और बैंक शाखा में जाकर करने की सलाह दी है।