अभी निपटा लें SBI के जरूरी काम, इन 5 दिनों तक बंद रहेगा बैंक
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने ग्राहकों को बताया है कि 28 से 30 सितंबर तक पूरे देश में बैंकों की हड़ताल रहेगी। हड़ताल से ठीक पहले शनिवार और रविवार पड़ रहे हैं तो इसके चलते बैंक शाखाओं का कामकाज प्रभावित हो सकता है।
ऐसे में ग्राहकों को लगातार 5 दिनों तक बैंक शाखाओं में सीमित सुविधाएं मिलेंगी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने इस हड़ताल का ऐलान किया है। अगर, आपको अपनी बैंक शाखा में कोई जरूरी काम निपटाना है तो 28 सितंबर से पहले ही उसे पूरा कर लें।
इन सुविधाओं के इस्तेमाल का सुझाव
SBI ने सलाह दी है कि हड़ताल के दौरान अपने रोजमर्रा के बैंकिंग कामों के लिए आप डिजिटल तरीकों का इस्तेमाल करें। इसके लिए आप इंटरनेट बैंकिंग, यूनो ऐप, मोबाइल बैंकिंग या यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
बैंक ने बताया कि ATM और ऑटोमेटेड डिपॉजिट और विड्रॉल मशीनें नकद निकालने या जमा करने के लिए चालू रहेंगी। इसके अलावा, ग्राहक सेवा केंद्र कुछ सेवाओं में आपकी मदद कर सकते हैं।
हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि जिन कामों में कागजी कार्रवाई या बैंक कर्मचारियों की सीधी मदद की जरूरत होगी, उन्हें सामान्य स्थिति बहाल होने तक इंतजार करना पड़ सकता है।