SAP ने AI को छोड़कर बाकी नौकरियों में भर्ती पर लगाई रोक
जर्मन टेक कंपनी SAP ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी नौकरियों को छोड़कर बाकी सभी तरह की भर्तियों पर रोक लगा दी है।
कंपनी अब अपना पूरा ध्यान AI से जुड़े पदों पर ही लगा रही है। यह फैसला जुलाई की शुरुआत में एक अंदरूनी मेमो के जरिए बताया गया था।
इसमें उसने कहा कि वे उन्हीं AI पदों को प्राथमिकता देंगे, जो उनके भविष्य के लिए सबसे जरूरी हैं। यह सब 23 जुलाई को आने वाले कंपनी के दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजों से ठीक पहले हो रहा है।
AI में निकाली 3,500 नई भर्तियां
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) क्रिश्चियन क्लेन का कहना है कि AI में निवेश करने से SAP के काम करने का तरीका बदल रहा है। 2023 में कंपनी ने 3,000 नौकरियां कम की थीं। इसके बाद 2024 की शुरुआत में 2 अरब यूरो (करीब 200 अरब रुपये) का एक लागत कम करने वाला कार्यक्रम चलाया गया, जिससे 8,000 पद प्रभावित हुए।
इन सब के बाद SAP ने अब ग्राहक-केंद्रित AI प्रोजेक्ट्स के लिए 3,500 नई नौकरियां निकाली हैं। क्लेन ने यहां तक संकेत दिया कि "मुझे यकीन नहीं है कि 2-3 साल में यहां कोई अब भी सॉफ्टवेयर कोड लिखेगा या नहीं।"
सिर्फ SAP ही नहीं, ओरेकल और मेटा जैसी कंपनियां भी AI में ज्यादा संसाधन लगाने के लिए भर्ती रोक रही हैं या कर्मचारियों की संख्या कम कर रही हैं। यह साफ संकेत देता है कि AI के केंद्र में आने के साथ टेक करियर तेजी से बदल रहे हैं।